खेल खिलाड़ी | 20.03.2010
धोनी वक्त से पहले फ़िट हो जाएंगेः फ्लेमिंग
तब बताया गया था कि वह 10 दिन के लिए मैदान से बाहर हो गए हैं. उनकी गैरमौजूदगी में सुरेश रैना को टीम का कप्तान बना दिया गया और टीम ने दिल्ली से अगला मैच जीत भी लिया. लेकिन चेन्नई के कोच स्टीफ़ेन फ़्लेमिंग का कहना है कि धोनी 10 दिन में नहीं, उससे पहले ही ठीक हो जाएंगे और फिट होकर मैदान पर उतर सकते हैं.
पहले की मेडिकल जांच में बताया गया था कि मुंबई के खिलाफ़ मैच में धोनी नहीं खेल पाएंगे. फ्लेमिंग ने कहा, "हम लोग धोनी के संपर्क में हैं. वह धीरे धीरे अच्छे हो रहे हैं. फिजियो ने उनसे कहा है कि वह मुंबई के खिलाफ़ मैच में बैटिंग के लिए तैयार रहें. फिजियो उस मैच से पहले धोनी को एक बार फिर देखेंगे लेकिन हमें उम्मीद है कि मुंबई के खिलाफ़ मैच में हम धोनी को खेलते हुए देखेंगे."
इसका मतलब यह हुआ कि धोनी रविवार को चेन्नई में होने वाले पंजाब किंग्स एलेवन और फिर 23 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विरुद्ध मैच में नहीं खेल पाएंगे. चेन्नई ने अब तक सिर्फ एक मैच हारा और दो में उन्हें जीत मिली है.
फ्लेमिंग का कहना है कि भले ही कुमार संगकारा की कप्तानी वाली मोहाली टीम ने अब तक कोई मैच नहीं जीता है लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें हलके में नहीं लेंगे. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने कहा, "मुझे लगता है कि वह एक खतरनाक टीम है. हम शुरू से ही उन पर दबाव डाल देंगे ताकि उनमें विश्वास की थोड़ी और कमी हो जाए, जो लगातार मैच हारने से वैसे ही हो गई होगी. हम अतिविश्वास के साथ खेल कर इसे गंवाना नहीं चाहते हैं. हमें अच्छी गेंदबाज़ी और फील्डिंग करनी है."
रिपोर्टः पीटीआई/ए जमाल
संपादनः एस गौड़











